मंडी के सुराड़ी में भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के सुराड़ी में भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण


मंडी, 25 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र की सुराड़ी पंचायत में हाल ही में हुए भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा को करीब से समझा और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को तिरपाल, चादरें, दवाइयां तथा दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं, जिससे इस कठिन समय में उन्हें त्वरित राहत मिल सके।

दीपक शर्मा ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और तेज किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहायता मिल सके।

इस अवसर पर उनके साथ सुराड़ी पंचायत की प्रधान पूजा देवी, डढाल पंचायत के पूर्व प्रधान जोध सिंह गुमरा, यशपाल ठाकुर, ऋषव गुलेरिया तथा जसवंत कुमार सहित अन्य स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दीपक शर्मा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में भी कुछ लोग केवल औपचारिकता निभाने और प्रचार के लिए पहुंचते हैं, जबकि हम हर कठिन परिस्थिति में अपने लोगों के साथ खड़े रहकर राहत और समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं। यही अंतर है दिखावे की राजनीति और सच्ची जनसेवा में।

उन्होंने आगे कहा कि जनता के दुख-दर्द में सहभागी बनना ही वास्तविक राजनीति की पहचान है और कांग्रेस पार्टी सदैव इसी सेवा भावना के साथ कार्य करती आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story