हिमाचल के चमियाना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बढ़ेगा स्टाफ, 221 पदों को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिमला के अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज (एआईएमएसएस), चमियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के कुल 221 पदों को मंजूरी दी है। इनमें सुरक्षा कर्मियों के 50, सफाई कर्मचारियों के 50 और वार्ड अटेंडेंट के 50 पद शामिल हैं। सरकार ने अस्पताल के लिए दो बसें किराये पर लेने की स्वीकृति भी दी है।

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने गुरुवार को यहां बताया कि चमियाणा अस्पताल के विभिन्न विभागों की स्थापना, सुदृढ़ीकरण और युक्तिकरण के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षण और मरीजों के इलाज से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, आईजीएमसी शिमला और एआईएमएसएस चमियाणा के कुछ विभागों में पहले से स्वीकृत पदों को स्थानांतरित करने और उनका पुनर्वितरण करने की भी मंजूरी दी गई है।

क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर (सुपर स्पेशियलिटी) का एक-एक पद और सीनियर रेजिडेंट के तीन पद स्वीकृत किए गए हैं। इसी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर का एक अतिरिक्त पद, असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद और सीनियर रेजिडेंट के दो पद भी मंजूर किए गए हैं। एनेस्थीसिया विभाग में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर का एक-एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के तीन और सीनियर रेजिडेंट के पांच पद स्वीकृत किए गए हैं।

सर्जिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी यानी जीआई सर्जरी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर का एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर (सुपर स्पेशियलिटी) का एक पद और सीनियर रेजिडेंट के चार पद मंजूर किए गए हैं। रेडियो-डायग्नोसिस यानी रेडियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर का एक-एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के दो और सीनियर रेजिडेंट के आठ पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा डाइटीशियन का एक पद, सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज डिपार्टमेंट (सीएसएसडी) सुपरवाइजर के दो पद और चीफ फार्मासिस्ट का एक पद भी मंजूर किया गया है।

गैर-चिकित्सकीय कर्मचारियों में सुरक्षा कर्मियों के 50, सफाई कर्मचारियों के 50 और वार्ड अटेंडेंट के 50 पद भरने की स्वीकृति दी गई है। पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी और ब्लड बैंक में लैब टेक्नीशियन के पांच-पांच पदों को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा चार आरोग्य मित्र, दो फिजियोथेरेपिस्ट, तीन चालक और एक जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) का पद भरने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story