सुक्खू मंत्रिमंडल में फेरबदल जल्द, बनेगा एक और मंत्री, 16-17 जुलाई को बुलाई बड़ी बैठक
शिमला, 04 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल और विस्तार होगा। मंत्री की एक खाली कुर्सी को भरा जाएगा। इस संबंध में 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में मंत्रिमंडल के फेरबदल और विस्तार पर चर्चा होगी। इसके बाद इस विषय पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की आम सभा में शामिल होने शिमला पहुंचीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने आज मीडिया से बातचीत में दी।
शिमला में दो दिवसीय प्रदेश कांग्रेस की आम सभा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की जाएगी। रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को हर बूथ तक मजबूत करना है। इसके साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी।
रजनी पाटिल ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी से जुड़े सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राम मंदिर के नाम पर लोगों से वोट मांगे थे, इसलिए इस मामले की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठक में इस मुद्दे के साथ-साथ नीट पेपर लीक सहित अन्य राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा होगी। आम सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मंत्रियों और पार्टी के विभिन्न अग्रणी संगठनों के प्रमुख मौजूद रहे।
किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर चल रहे विवाद पर रजनी पाटिल ने कहा कि इस मामले में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से बात की जाएगी और गलतफहमी दूर करने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी को आमने-सामने बैठाकर विवाद सुलझाया जाएगा। दोनों नेताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को कहा जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन विस्तार के उद्देश्य से होने वाली इस आम सभा में ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर मुख्यमंत्री तक सभी नेता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी और यहीं से अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत होगी।
किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के विवाद पर विनय कुमार ने कहा कि उनकी बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी को साथ बैठाकर विवाद का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के गठन के बाद पार्टी आलाकमान ने जो निर्णय लिया है, वही अंतिम और मान्य निर्णय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

