भाजपा विधायकों वाले क्षेत्रों से भेदभाव कर रही कांग्रेस सरकार : सुखराम चौधरी

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 05 अगस्त (हि.स.)। पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने एक बार फिर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं, उन विधानसभा क्षेत्रों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र भी इस भेदभाव का शिकार है और यहां विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

सुखराम चौधरी ने कहा कि पांवटा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। बरसात के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं दिख रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जिससे क्षेत्र का विकास रुक गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से काम कर रही है और भाजपा विधायकों वाले क्षेत्रों की उपेक्षा कर रही है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। विधायक ने सरकार से मांग की कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कर लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो भाजपा जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story