शिमला : अधिकारी ने उठाया ख़ौफ़नाक कदम, दफ्तर से घर पहुंचकर लगाई फांसी, मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिमला : अधिकारी ने उठाया ख़ौफ़नाक कदम, दफ्तर से घर पहुंचकर लगाई फांसी, मौत


शिमला, 08 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में तैनात एक अधिकारी ने ख़ौफ़नाक कदम उठाते हुए फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक अधिकारी रामेश्वर शर्मा (उम्र करीब 45 वर्ष) नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर पद पर सेवारत थे। उन्होंने शुक्रवार को अपने निवास स्थान कसुम्पटी, शिमला में फांसी लगाकर जान दे दी।

रामेश्वर शर्मा पुत्र तुलसी राम मूल रूप से शिमला जिले के चिडगांव क्षेत्र के सीमा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में कसुम्पटी में परिवार संग रह रहे थे। जानकारी के अनुसार वे शुक्रवार सुबह अपने कार्यालय पहुंचे थे। दोपहर में उन्होंने छुट्टी ली और घर पहुंच गए। कुछ घंटों बाद उनके घर में यह दुखद घटना सामने आई।

अधिकारी की पत्नी ने जब उन्हें कमरे में फांसी पर लटका देखा तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसकी छानबीन की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम शिमला में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी स्तब्ध हैं। इस घटना से मृतक के परिवार के सदस्य सदमे में हैं।

इस मामले में एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना छोटा शिमला को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया गया है, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया। मृतक व्यक्ति नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक दिन के समय कार्यालय गए थे तथा सामान्य समय से पूर्व वापस घर लौट आए थे। उनकी पत्नी द्वारा उन्हें घर पर फंदे से लटका हुआ पाया गया।

एसएसपी के मुताबिक पुलिस द्वारा बीएनएसएस की धारा 194 के अंतर्गत कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story