सोलन–सुबाथू मार्ग की बदहाल हालत पर भाजपा का विरोध, शीघ्र स्थायी समाधान की मांग
सोलन, 20 अप्रैल (हि.स.)। सोलन मुख्यालय से प्रदेश के कई जिलों को जोड़ने वाले सोलन–सुबाथू मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सरकार और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
भाजपा नेताओं के अनुसार सोलन–सुबाथू मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह 14 जीटीसी गोरखा सेना छावनी तक जाता है। पिछले करीब एक वर्ष से यह मार्ग बदहाल स्थिति में है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा सोलन शहरी मंडल ने इस मुद्दे को लेकर 23 फरवरी 2026 को धरना-प्रदर्शन भी किया था। उस दौरान स्थानीय मंत्री द्वारा शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई है।
वर्तमान में केवल अस्थायी रूप से बीच-बीच में मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है, जिसे भाजपा ने पूरी तरह नाकाफी बताया है। पार्टी का कहना है कि जब तक सड़क का समुचित टायरिंग और पक्कीकरण नहीं किया जाता, तब तक इस तरह के कार्य जनता के साथ छलावा हैं। मिट्टी डालने के बाद उसे लंबे समय तक छोड़ देने से बारिश में कीचड़ और दलदल की स्थिति बन जाती है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि पंचायती चुनावों के मद्देनजर जनता को गुमराह करने के लिए अधूरे और अस्थायी कार्य किए जा रहे हैं, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं हो रहा।
भाजपा सोलन शहरी मंडल ने सरकार से मांग की है कि इस कार्य का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए—टेंडर कब जारी हुआ, कितनी राशि स्वीकृत हुई और कार्य की सीमा क्या है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि सड़क निर्माण का कार्य किस आरडी से किस आरडी तक किया जाना है और इसकी निर्धारित समय-सीमा क्या है।
पार्टी ने कांग्रेस नेताओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब भाजपा ने इस मुद्दे को उठाया था, तब इसे राजनीति बताया गया था। अब सवाल यह है कि यदि यह केवल राजनीति थी, तो आज तक सड़क का कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ।
भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस मार्ग का स्थायी समाधान जल्द सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

