शिमला में बारहवीं की परीक्षा में असफल होने पर छात्र ने लगाया फंदा

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 05 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत अन्नाडेल के ठाकुर बाग इलाके में बारहवीं कक्षा की परीक्षा में असफल होने के तनाव के कारण एक छात्र ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निखिलेष शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम 112 हेल्पलाइन पर निखिल शर्मा नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके दोस्त ने अन्नाडेल के ठाकुर बाग में फांसी लगा ली है। इस सूचना पर बालूगंज पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। वहां प्रेमलाल शर्मा के फ्लैट में उनके बेटे निखिलेष को पंखे से लटके हुए मृत अवस्था में पाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि निखिलेष हाल ही में 12वीं की परीक्षा के परिणाम में असफल हो गया था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था। शव का बारीकी से निरीक्षण करने पर शरीर पर कोई बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए।

उप पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। मृतक के माता-पिता ने इस मामले में किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला के शवगृह भेज दिया है। जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story