रोहतांग दर्रे के पास फोटो खिंचवाते समय पहाड़ी से गिरकर गाजियाबाद के 17 वर्षीय छात्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मनाली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली घूमने आए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 17 वर्षीय स्कूली छात्र की रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान रुद्र कुमार पुत्र पुष्पेंद्र कुमार, निवासी आकाश नगर (इंदरगढ़ी), गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित ब्राइटलैंड स्कूल की 11वीं कक्षा (कॉमर्स) के विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक दल मनाली भ्रमण पर आया हुआ था। मंगलवार को दल रोहतांग दर्रे की सैर के लिए गया था। इसी दौरान दर्रे के दूसरी ओर प्राकृतिक दृश्यों के बीच फोटो खिंचवाते समय रुद्र कुमार पहाड़ी के किनारे पहुंच गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

डीएसपी केलांग क्षमादत शर्मा ने बताया कि छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे से छात्र के साथियों में शोक की लहर है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story