मंडी में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन: पुलिस संग छीना-झपटी के बावजूद ...चालाकी से फूंक दिया पुतला

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन: पुलिस संग छीना-झपटी के बावजूद ...चालाकी से फूंक दिया पुतला


मंडी में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन: पुलिस संग छीना-झपटी के बावजूद ...चालाकी से फूंक दिया पुतला


मंडी, 20 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव की बहाली और फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर छात्रसंगठन एबीवीपी ने मंडी में विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस के भारी जमावड़े के बावजूद पुलिस के साथ छीना-झपटी, धक्का-मुक्की के बावजूद छात्रों ने पुलिस को चकमा देकर सीएम सुक्खू का पुतला दहन कर ही दिया।

वीरवार को मंडी में एबीवीपी द्वारा सुक्खू सरकार के खिलाफ आयोजित धरना-प्रदर्शन उस वक्त हिंसक हो उठा, जब पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। प्रदर्शनकारी छात्र जैसे ही सेरी मंच पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुतला फूंकने का प्रयास करने लगे, मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। इस धक्का-मुक्की के दौरान कई छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से चोटिल हो गए और एक महिला कार्यकर्ता बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उग्र होती स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस ने कुछ छात्रों को जबरन अपनी गाड़ी में ठूंसकर थाने ले जाने की कोशिश की, तो अन्य कार्यकर्ता पुलिस वाहन के आगे खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया और जवानों व कार्यकर्ताओं के बीच सीधी भिड़ंत देखने को मिली।

पुलिस की इस सख्ती और खींचतान के बावजूद छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर अंततः सेरी मंच पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। घटना के तुरंत बाद घायल और पीड़ित छात्र अपनी मारपीट की शिकायत लेकर एडीसी से मिले और फिर एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर अपनी व्यथा सुनाते हुए पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया।

एबीवीपी ने प्रशासन और सरकार के इस रवैये पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगे जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करते हुए राज्य विधानसभा का घेराव करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story