ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में हिमाचल में बंद रहीं मेडिकल दुकानें, लोगों को हुई परेशानी
शिमला, 20 मई (हि.स.)। ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री और दवाओं पर भारी छूट दिए जाने के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स द्वारा बुलाए गए देशव्यापी बंद का असर बुधवार को हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिला। राज्य के कई जिलों में मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिसके कारण लोगों को दवाइयां लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
मेडिकल एंड ड्रगिस्ट सोसाइटी हिमाचल के अध्यक्ष संजीव पंडित ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी के तेजी से बढ़ते कारोबार से पारंपरिक मेडिकल स्टोर संचालकों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना उचित निगरानी और नियमों के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है।
उन्होंने कहा कि दवाइयों की बिक्री केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर से ही होनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मरीजों को सही दवाइयां और उचित सलाह मिल सके। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन फार्मेसी पर सख्त नियमन लागू करने की मांग की। इसके साथ ही दवाओं पर भारी डिस्काउंट और अवैध बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
संजीव पंडित ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के केमिस्ट संगठनों ने देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करते हुए बंद रखा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, दवा व्यवसाय और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

