महिला पर आवारा बैल ने किया हमला, मौत
शिमला, 28 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में जंगल से चारा लेने गई एक महिला की आवारा बैल के हमले में मौत हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला की मौत बैल के हमले से लगी अंदरूनी चोटों के कारण हुई। मामले में किसी तरह के संदेह या अन्य कारण के संकेत नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार सराहन क्षेत्र के खल्टी गांव की रहने वाली 54 वर्षीय श्याम दासी, पत्नी जय सिंह, 26 जुलाई को पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान एक आवारा बैल ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास के ग्रामीण उन्हें तुरंत उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, शिमला ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस खनेरी अस्पताल लेकर आए, जहां पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए उनके बेटे जगमोहन को सौंप दिया गया।
झाकड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में यह पाया गया कि महिला की मौत आवारा बैल के हमले से लगी अंदरूनी चोटों के कारण हुई। पुलिस ने बताया कि मामले में किसी प्रकार का शक या संदेह सामने नहीं आया है। मामले की जांच के दौरान रामपुर के एसडीपीओ भी खनेरी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

