राज्य स्तरीय पुरस्कार लेकर लौटी साइगलू की स्नेहा को पाठशाला पहुंचने पर किया सम्मानित
मंडी, 10 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश भर में चित्रकला प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साइगलू की छात्रा स्नेहा मंगलवार को जब यह पुरस्कार लेकर पाठशाला पहुंची तो उसे सुबह की प्रार्थना सभा के मौके पर सम्मानित किया गया। स्नेहा को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में हुए इस समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया था और इसी खुशी में मंगलवार को पाठशाला पहुंचने पर उसे पाठशाला के गौरव के तौर सम्मानित किया गया।
प्रभारी रीता देवी हिंदी प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार ने सुबह की प्रार्थना सभा में स्नेहा की कामयाबी को पाठशाला व क्षेत्र का गौरव बताया और समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों व अन्य स्टाफ की मौजूदगी में उसे स्मृति चिह्न व बधाई देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को स्नेहा के काम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और कहा कि कड़ी मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस पाठशाला के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में आगे आएंगे और अपने माता पिता, पाठशाला, गुरूजनों तथा पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्ीय व राज्य स्तर पर रौशन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

