जब पूरे हिमाचल में विकास पर पूर्ण विराम, तो फिर कांग्रेस को वोट क्यों दे जनता : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
जब पूरे हिमाचल में विकास पर पूर्ण विराम, तो फिर कांग्रेस को वोट क्यों दे जनता : जयराम ठाकुर


मंडी, 20 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद रोड वार्ड के शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शिवचंद के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान सघन जनसंपर्क, प्रचार एवं एक नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी व्यवस्था परिवर्तन का खोखला नारा देने वाली सुक्खू सरकार जनहित में नए संस्थान खोलने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने पर अड़ी हुई है। जिससे पूरे प्रदेश में विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लग गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बरसात का मौसम फिर से दस्तक देने वाला है। लेकिन सरकार पिछले साल आपदा के दौरान सड़कों पर गिरा मलबा तक हटाने में नाकाम रही है। ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसें आज भी बंद हैं। सड़कों की दुर्दशा के कारण ग्रामीणों को भारी सामान अपनी पीठ पर लादकर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि प्रदेश की जनता ने शहरी निकाय के चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। जिसके तहत भाजपा ने 25 नगर परिषदों में से 18 पर और 22 नगर पंचायतों में से 13 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इन परिणामों से कांग्रेस के भीतर और मुख्यमंत्री के विरोधी गुट में भारी खलबली मची हुई है, जिसे छुपाने के लिए मुख्यमंत्री आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए झूठे दावे पेश कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और कांग्रेस हाईकमान को खुश करने के लिए मीडिया में रोज फर्जी आंकड़े परोस रहे हैं। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ घोषणा की कि आगामी 31 मई को होने वाले चारों नगर निगमों—मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन के चुनावों में भी भाजपा अपनी जीत का परचम लहराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story