युवाओं को नेतृत्व और सामुदायिक विकास में अग्रणी भूमिका निभानी होगी : प्रो. ललित कुमार अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को नेतृत्व और सामुदायिक विकास में अग्रणी भूमिका निभानी होगी : प्रो. ललित कुमार अवस्थी


मंडी, 24 सितंबर (हि.स.)। राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान, क्षेत्रीय केंद्र, चंडीगढ़ एवं सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समापन्न समारोह में सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और युवाओं से समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय एवं अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व पद या अधिकार से नहीं, बल्कि दृष्टि और उत्तरदायित्व से जन्म लेता है। सच्चा नेतृत्व वही है जो स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करे, दूसरों को साथ लेकर चले और सामूहिक हित के लिए पहल करे। उन्होंने कहा कि नेतृत्व की पहली शर्त स्वयं का नेतृत्व करना है। समय का अनुशासन, विचारों की स्पष्टता, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता प्रभावी नेतृत्व की आधारभूमि हैं।

आचार्य अवस्थी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा ऊर्जा और प्रतिभा है। युवाओं को केवल देश का भविष्य मानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वे वर्तमान के सक्रिय सहभागी और परिवर्तन के वाहक भी हैं। युवाओं को यह विचार करना चाहिए कि वे समाज और राष्ट्र के लिए क्या योगदान दे सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में पर्यावरणीय नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताते हुए कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के वन, जलस्रोत, नदियां, जैव विविधता और लोक-परंपराएँ हमारी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ युवाओं की भी है। उन्होंने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।

सरदार पटेल विश्वविद्यालय के संदर्भ में आचार्य अवस्थी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जीवन से दृढ़ता, संगठन, दूरदृष्टि और व्यापक राष्ट्रीय दायित्व की प्रेरणा मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story