एसपीयू के प्रो. डॉ. लखवीर सिंह काे इस्तांबुल की बिरूनी यूनिवर्सिटी में विजिटिंग साइंटिस्ट फेलोशिप

WhatsApp Channel Join Now
एसपीयू के प्रो. डॉ. लखवीर सिंह काे इस्तांबुल की बिरूनी यूनिवर्सिटी में विजिटिंग साइंटिस्ट फेलोशिप


मंडी, 18 नवंबर (हि.स.)। हरित हाइड्रोजन एवं स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन पर करेंगे उन्नत शोध

सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू), मंडी के रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं डीन, योजना एवं विकास प्रो. डॉ. लखवीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाते हुए प्रतिष्ठित विजिटिंग साइंटिस्ट फेलोशिप प्राप्त की है। यह फेलोशिप तुर्किये की प्रमुख राष्ट्रीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं वित्तपोषण संस्था द्वारा प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत डॉ. सिंह इस्तांबुल स्थित बिरूनी यूनिवर्सिटी में हरित हाइड्रोजन एवं स्वच्छ हाइड्रोजन ईंधन उत्पादन के क्षेत्र में उन्नत शोध एवं अकादमिक सहयोग करेंगे।

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के खिल्लियां गांव से संबंध रखने वाले प्रो. सिंह का शोध मुख्य रूप से माइक्रोबियल इलेक्ट्रोलाइसिस सेल, बायोइलेक्ट्रोकेमिकल सिस्टम, उन्नत उत्प्रेरकों तथा जैविक अपशिष्ट एवं अपशिष्ट जल से स्वच्छ हाइड्रोजन उत्पादन की नवीन तकनीकों पर केंद्रित है। उनके शोध का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प विकसित करना तथा कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में योगदान देना है।

प्रो. डॉ. लखवीर सिंह का नाम स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी एवं एल्सेवियर द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में भी शामिल रहा है। उन्हें 13 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान अनुभव है। उनके नाम 130 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र, 30 से अधिक पुस्तकें, 15 से अधिक पुस्तक अध्याय तथा चार पेटेंट हैं। उनके शोध कार्यों को 10,000 से अधिक साइटेशन प्राप्त हुए हैं तथा उनका एच-इंडेक्स 57 है।

उन्होंने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया और सऊदी अरब सहित अनेक देशों के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ शोध सहयोग किया है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित अवस्थी ने प्रो. डॉ. लखवीर सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि डॉ. सिंह की उत्कृष्ट शोध क्षमता, निरंतर परिश्रम और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक पहचान का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बेहतर शोध सुविधाएं, आवश्यक अकादमिक संसाधन तथा अनुकूल शोध वातावरण उपलब्ध करवाया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध और नवाचार के नए अवसर प्राप्त कर सकें। विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को प्रोत्साहित करने और शोध सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों ने शिक्षकों को ऐसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story