एसपीयू दीक्षारंभ–2026: शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता पर दें बल : अपूर्व देवगन

WhatsApp Channel Join Now
एसपीयू दीक्षारंभ–2026: शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता पर दें बल : अपूर्व देवगन


मंडी, 24 जुलाई (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में शुक्रवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ–2026 कार्यक्रम का शुभारंभ अमृत महोत्सव सभागार स्वामी विवेकानंद भवन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. ललित कुमार अवस्थी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कार्यक्रम संरक्षक ने की।

कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं बल्कि विद्यार्थियों का समग्र व्यक्तित्व विकास, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता तथा मानवीय मूल्यों का संवर्धन है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय जीवन का सदुपयोग करते हुए उत्कृष्टता, अनुशासन और सामाजिक प्रतिबद्धता को अपने जीवन का आधार बनाएं। इस अवसर पर कुलपति ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों के पालन, अनुशासन, नशामुक्ति, रैगिंग से दूर रहने, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई।

मुख्य अतिथि अपूर्व देवगन ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हमें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास पर बल देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नवाचार, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कुलसचिव शशिपाल नेगी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story