एसपीयू मंडी का यूट्यूब चैनल हुआ प्रारंभ, डिजिटल मंच से बढ़ेगी पारदर्शिता और संवादशीलता : आचार्य ललित कुमार अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
एसपीयू मंडी का यूट्यूब चैनल हुआ प्रारंभ, डिजिटल मंच से बढ़ेगी पारदर्शिता और संवादशीलता : आचार्य ललित कुमार अवस्थी


मंडी, 24 अप्रैल (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल का विधिवत शुभारंभ कुलपति सचिवालय में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचना के त्वरित प्रसार के लिए ऐसे मंच अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विश्वविद्यालय का यह यूट्यूब चैनल विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा आम जनमानस तक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की लाइव जानकारी पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय की पारदर्शिता और संवादशीलता को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों, प्रकोष्ठों एवं विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस मंच का सकारात्मक उपयोग करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों को व्यापक स्तर पर साझा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यूट्यूब चैनल विश्वविद्यालय और समाज के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार शर्मा, सह-अधिष्ठाता अकादमिक मामले एवं विभागाध्यक्ष, इतिहास विभाग ने इस पहल को समयानुकूल बताते हुए कहा कि माननीय कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं प्रेरणास्पद नेतृत्व में प्रारम्भ किया गया यह यूट्यूब चैनल न केवल विश्वविद्यालय की गतिविधियों के प्रभावी प्रसार का माध्यम बनेगा बल्कि इससे शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक कार्यों का सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण भी सशक्त रूप से संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम में इतिहास सोसायटी, इतिहास विभाग के अध्यक्ष सानू कुमार, उपाध्यक्ष मनीष कुमार तथा मीडिया क्लब के अध्यक्ष दीपक दीपांशु व सुधीर कुमार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story