सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

WhatsApp Channel Join Now
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


मंडी, 15 अगस्त (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध भी कराती है। आजादी को सुरक्षित रखना और राष्ट्र को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे ले जाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के नेतृत्वकर्ता और जिम्मेदार नागरिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

कुलपति ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे किसी भी प्रकार के नशे अथवा नकारात्मक गतिविधियों में नष्ट नहीं होने देना चाहिए।

प्रो. अवस्थी ने विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और उद्यमशीलता को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला और नए अवसर पैदा करने वाला युवा बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नए विचारों, अनुसंधान, तकनीकी ज्ञान और स्टार्टअप संस्कृति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story