कंप्यूटर विज्ञान विभाग एसपीयू मंडी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग पर कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
कंप्यूटर विज्ञान विभाग एसपीयू मंडी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग पर कार्यशाला


मंडी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा क्राफ्ट एजुकेशन के सहयोग से पायथन के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी तथा परीक्षा नियंत्रक एवं कंप्यूटर साइंस विभाग के अध्यक्ष डॉ. सनील ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग की मूलभूत अवधारणाओं और पायथन के माध्यम से इनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित करवाया गया। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, व्यवसाय, स्वचालन तथा भविष्य की तकनीकी प्रगति में इन तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग कौशल विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा व्यावहारिक परियोजनाओं पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग भविष्य की तकनीकी प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक हैं।

डॉ. सनील ठाकुर, विभागाध्यक्ष एवं परीक्षा नियंत्रक, ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के उभरती तकनीकों से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करना तथा उन्हें कौशल विकास और परियोजना-आधारित शिक्षण के माध्यम से भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए तैयार करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story