मंडी में 50 वर्षों का गौरवमयी सफर: राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला टेबल टेनिस संघ एमडीटीटीए के तत्वावधान में आयोजित प्रथम हिमाचल प्रदेश रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुई। यह आयोजन संघ के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि एम.डी.टी.टी.ए. वर्तमान में अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और वर्तमान अध्यक्ष जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग मंडी पुरेंद्र वैद्य ने शिरकत की।

संघ के सचिव द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, 1973 में शुरू हुए और 1975 में औपचारिक रूप से पंजीकृत इस संघ ने अपने 50 वर्षों के सफर में प्रदेश को 35 से अधिक राज्य चैंपियन दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। रिपोर्ट में संघ के संस्थापक सदस्यों स्वर्गीय डॉ. के. पांड्या, दिनेश चंद बिष्ट, टी.एल. वैद्य और अन्य के योगदान को याद किया गया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित चैंपियनशिप में विभिन्न वर्गों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-11 गर्ल्स के सेमीफाइनल में अनया शर्मा कांगड़ा ने प्रदन्या (मंडी) को 3-0 से आद्याशर्मा ने वरण्या शिमला को 7-3, यधवी ठाकुर (चंबा) ने अदविका मंडी को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि इससे पहले क्वार्टर फाइनल में अनया शर्मा ने प्रदन्या को 3-0, वरण्य ने आद्या शर्मा को 3-1, यधवी ने अद्विका को 3-2 और हिमाद्री ने वैदेही को 3-0 से मात दी थी। अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में रुद्रांशी (कांगड़ा) ने खिताबी मुकाबले में डिशिता नारंग (शिमला) को एक बेहद रोमांचक मैच में 3-2 से हराकर चैंपियनशिप जीती, इससे पूर्व सेमीफाइनल में रुद्रांशी ने एंजेलिना को 3-0 और डिशिता ने भावप्रिता को 3-2 से हराया था।

वूमेन सिंगल के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में डिशिता नारंग ने मिष्टी को 3-0, उर्वशी ने भाग्य गुलेरिया को 3-2, भावप्रिता ने आरोही को 3-0 से हराया, जबकि रुद्रांशी ने हरिशिता को 3-0 से शिकस्त दी। पुरुष एकल वर्ग में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा रही, जहां सेमीफाइनल मुकाबलों में स्वाजन्या (चम्बा) ने अथर्व ठाकुर (चम्बा) को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित किया, वहीं हिमांशु गिल (कुल्लू) ने श्रेयांश ठाकुर (चंबा) को 3-2 के कड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल चरण में स्वाजन्या ने रुद्र गुलेरिया को 3-0, अथर्व ने हिमांशु को 3-0, हिमांशु गिल ने अतर्व वर्मा को 3-2 और युग ठाकुर ने श्रेयांश ठाकुर को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया था। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने एम.डी.टी.टी.ए. के शानदार 50 वर्षों की सराहना की और विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story