खेलो इंडिया जैसी पहल से निखर रही देश की खेल प्रतिभाएं, खिलाड़ियों ने विश्व में बढ़ाया तिरंगे का गौरव : राकेश जम्वाल

WhatsApp Channel Join Now
खेलो इंडिया जैसी पहल से निखर रही देश की खेल प्रतिभाएं, खिलाड़ियों ने विश्व में बढ़ाया तिरंगे का गौरव : राकेश जम्वाल


मंडी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया जैसी पहल ने देश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच प्रदान किया है। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

राकेश जम्वाल सुंदरनगर स्थित महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल कॉलेज में आयोजित एसपीयू अंतर-महाविद्यालयीय बॉक्सिंग एवं बास्केटबॉल चैंपियनशिप पुरुष एवं महिला वर्ग-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. पदम सिंह गुलेरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और मेहनत की सराहना करते हुए उन्होंने युवाओं को खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कभी कमी नहीं रही, लेकिन अनेक खिलाड़ियों को अपनी क्षमता के अनुरूप अवसर और संसाधन नहीं मिल पाते थे। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करने, खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के करियर, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story