पड्डल स्कूल के छात्र रिहान का राष्ट्रीय अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन
मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला पड्डल मंडी के छात्र रिहान का चयन हिमाचल प्रदेश की अंडर-14 हॉकी टीम के लिए हुआ है। रिहान अब राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और खेल जगत में खुशी की लहर है। रिहान का प्रशिक्षण शिविर 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद राष्ट्रीय अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता 8 से 12 दिसंबर 2026 तक मध्य प्रदेश में आयोजित होगी।
रिहान प्रतिदिन पड्डल हॉकी मैदान में हॉकी कोच आशीष सेन के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। उसकी इस उपलब्धि में विद्यालय की मुख्य अध्यापिका सुमना देवी तथा पीईटी निर्मला देवी का प्रोत्साहन और सहयोग भी सराहनीय रहा है।
रिहान के पिता बिलाल एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसकी खेल प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने निरंतर उसका हौसला बढ़ाया और उसे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। रिहान के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है। सभी ने उम्मीद जताई कि रिहान राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंडी जिला और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

