राष्ट्रीय स्तर पर मंडी का डंका, मंडी के गुरवंश ने डीएवी नेशनल स्पोर्टस के बैडमिंटन में जीता कांस्य

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्तर पर मंडी का डंका, मंडी के गुरवंश ने डीएवी नेशनल स्पोर्टस के बैडमिंटन में जीता कांस्य


मंडी, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स में नेरचौक के होनहार खिलाड़ी गुरवंश सिंह ने शानदार खेल का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। गुरवंश ने अंडर-14 छात्र वर्ग की बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर न केवल अपने माता-पिता और स्कूल का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे बल्ह क्षेत्र व हिमाचल प्रदेश का नाम भी रोशन किया है।

बता दें कि गुरवंश सिंह डीएवी सुंदरनगर के छात्र हैं। वह व्यापार मंडल नेरचौक के प्रधान सरदार अमृतपाल सिंह काका के पोते तथा माता निर्मल कौर व पिता सरदार गुरबख्श सिंह के सुपुत्र हैं। दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय महाकुंभ में देशभर के 22 राज्यों से करीब 20 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था। देश भर से आए नामी खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े और रोमांचक मुकाबलों में गुरवंश ने बैडमिंटन टीम इवेंट में लाजवाब शॉट और बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए रनर-अप रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेरने के बाद अब गुरवंश सिंह जिला ऊना में आयोजित होने वाले ओपन स्टेट टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार हैं और वहां अपने खेल का जलवा बिखेरेंगे। गुरवंश की इस बड़ी उपलब्धि पर समूचे नेरचौक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

व्यापार मंडल नेरचौक, विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और स्कूल प्रबंधन ने गुरवंश की पीठ थपथपाते हुए उन्हें बधाई दी है तथा भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story