अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कुश्ती चैंपियनशिप का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कुश्ती चैंपियनशिप का शुभारंभ


मंडी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्शी मंत्री यादविंद्र गोमा ने आज यहां राजकीय वल्लभ डिग्री कॉलेज मंडी में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कुश्ती चैंपियनशिप-2025-26 का विधिवत शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से 25 टीमों के लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 200 महिला व लगभग 300 पुरूष खिलाड़ी शामिल हैं।

इस अवसर पर यादविंद्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों की सम्मान राशि में कई गुणा बढ़ोतरी की है।

यादविंद्र गोमा ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में एक कार्यक्रम शिमला में आयोजित किया, जिसके तहत इन खिलाड़ियों को लगभग 17 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों में यात्रा के दौरान थ्री टीयर सुविधा रेल यात्रा में प्रदान करने का निर्णय राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। इतना ही नहीं दूरस्थ राज्यों में प्रतियोगिता के लिए उन्हें हवाई यात्रा भत्ता देने का भी फैसला किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story