हिमाचल में होगी 47वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप
मंडी, 05 अप्रैल (हि.स.)। 47वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप इस बार हिमाचल प्रदेश में खेली जाएगी। रविवार को मंडी जिला खो-खो संघ की बैठक मंडी जिला के सुंदरनगर में भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एल आर वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में हिमाचाल प्रदेश खो-खो संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं मंडी जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं लड़के व लड़कियों की जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर व नामधारी पब्लिक स्कूल हराबाग में करवाने को लेकर सहमति बनी।
बैठक में मंडी जिला खो-खो संघ के सचिव लक्ष्मी दत्त और उपप्रधान सुनील कुमार द्वारा दिए गए गए त्याग पत्र के लेकर विस्तृत चर्चा की गई और देवेंद्र कुमार महासचिव, कृष्ण चंद ठाकुर को उपप्रधान, हितेश राठौर को सह सचिव जबकि सर्वज्ञ गौतम को मंडी जिला संघ के सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। संघ ने 15 दिनों के भीतर पिछले 20 साल के दौरान खेले गए जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर के सभी तरह के दस्तावेज जिला मंडी के अध्यक्ष के पास जमा करवाने का निर्णय लिया।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भारतीय खो-खो संघ, हिमाचल खो-खो संघ द्वारा जारी पत्राचार से जो खिलाड़ी, अधिकारी व तकनीकी अधिकारी अनाधिकृत खेल संघों में पाए गए, उन्हें तुरंत प्रभाव से निष्काशित करने के साथ जिला खो -खो संघ से पूर्ण प्रतिबंधित किया जाएगा। इस बैठक में सदस्य मनीष वर्मा ने प्रस्ताव लाया, जिसके तहत सुंदरनगर क्षेत्र के खो-खो खिलाड़ियों के लिए एक अकादमी दिल्ली पब्लिक स्कूल हराबाग में खोली जाए ताकि उभरते खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा सके। बैठक में हरनाम सिंह व राजेंद्र भंडारी सहित कई सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

