नादौन में स्पाइस पार्क का शिलान्यास जल्द : मुख्यमंत्री सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
नादौन में स्पाइस पार्क का शिलान्यास जल्द : मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 11 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र की बड़ा और फस्टे ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नादौन क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर चर्चा की और पंचायत प्रतिनिधियों से फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि बड़ा पंचायत में प्रस्तावित स्पाइस पार्क का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नादौन क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के माध्यम से हल्दी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित कर रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई गेहूं के लिए 60 रुपये प्रति किलो का समर्थन मूल्य तय किया गया है।

उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल 2025 को पांगी उपमंडल को पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित किया गया है। इसके अलावा सरकार द्वारा कच्ची हल्दी पर 90 रुपये प्रति किलो और पांगी घाटी में उगाए गए जौ पर 60 रुपये प्रति किलो का समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने प्राकृतिक खेती से उगाए गए उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्राकृतिक खेती और नए विकास कार्यों से नादौन क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत होगी और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story