भाजपा पांच गुटों में बंटी, विपक्ष के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं : अजय सोलंकी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा पांच गुटों में बंटी, विपक्ष के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं : अजय सोलंकी


भाजपा पांच गुटों में बंटी, विपक्ष के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं : अजय सोलंकी


नाहन, 20 अगस्त (हि.स.)। नाहन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और पार्टी के भीतर भारी अंतर्विरोध व खींचतान चल रही है। नाहन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल श्रेय लेने की राजनीति कर अपनी खोई हुई साख बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

सोलंकी ने भाजपा युवा मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में किए जा रहे प्रदर्शनों को दिशाहीन और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए जनता को गुमराह करने के लिए प्रदर्शन और बयानबाजी की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में बिना पर्याप्त बजट और स्टाफ के सैकड़ों सरकारी संस्थान खोल दिए थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का ध्यान जमीनी विकास के बजाय शिलान्यास पट्टिकाएं लगाने तक सीमित रहा।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्र से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ पूर्व सरकार द्वारा छोड़ी गई प्रशासनिक और वित्तीय चुनौतियों से निपटने का प्रयास कर रहे हैं।

सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है, जबकि भाजपा अपनी राजनीतिक असफलताओं को छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी और राजनीतिक प्रदर्शनों का सहारा ले रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story