सोलन के पार्षदों ने ली शपथ, महापौर-उपमहापौर चुनाव 2 जुलाई को

WhatsApp Channel Join Now
सोलन के पार्षदों ने ली शपथ, महापौर-उपमहापौर चुनाव 2 जुलाई को


सोलन, 29 जून (हि.स.)। नगर निगम सोलन के सभागार में नगर निगम सोलन के सभी 17 नवनिर्वाचित पार्षदों को उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलावाई। लेकिन महापौर व उप महापौर के चुनाव कोरम पूरा ना होने ले कारण संपन्न नहीं हो पाया । हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 36 तथा हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के नियम 81 के तहत महापौर तथा उप महापौर के निर्वाचन के लिए निर्धारित कोरम कुल निर्वाचित पार्षदों का तीन-चौथाई से कम नहीं होना चाहिए। ऐसा न होने के कारण आज यह निर्वाचन नहीं हुआ।

उपायुक्त सोलन ने हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 तथा हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के प्रावधानों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर निगम सोलन के महापौर तथा उप महापौर के निर्वाचन के लिए 2 जुलाई को पुनः बैठक की तिथि निर्धारित की है। 2 जुलाई को शाम 03.00 बजे नगर निगम सोलन के बैठक कक्ष में यह बैठक आयोजित होगी। इस दिन नगर निगम सोलन के महापौर का निर्वाचन होगा। इसी दिन उप महापौर का भी निर्वाचन होगा। उन्होंने सभी निर्वाचित पार्षदों से आग्रह किया है कि निर्धारित तिथि, समय तथा स्थान पर उपरोक्त बैठक में भाग लेना सुनिश्चित बनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story