सोलन नगर निगम में भाजपा का कब्जा, सुषमा शर्मा बनीं मेयर, गौरव चुने गए डिप्टी मेयर

WhatsApp Channel Join Now
सोलन नगर निगम में भाजपा का कब्जा, सुषमा शर्मा बनीं मेयर, गौरव चुने गए डिप्टी मेयर


सोलन, 02 जुलाई (हि.स.)। सोलन नगर निगम में गुरुवार को हुए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज करते हुए नगर निगम की सत्ता पर अपना कब्जा कायम रखा। वार्ड नंबर-2 की पार्षद सुषमा शर्मा को मेयर तथा वार्ड नंबर-3 से निर्दलीय पार्षद गौरव को डिप्टी मेयर निर्वाचित किया गया।

मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सोलन नगर निगम के 17 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने 10 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि छह सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे थे। वार्ड नंबर-3 से भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने वाले गौरव ने भी भाजपा का समर्थन किया। इसके चलते भाजपा के पक्ष में कुल 11 पार्षदों का समर्थन रहा और दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

चुनाव परिणाम के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मेयर पद पर कब्जा करने के लिए कांग्रेस ने कई प्रयास और राजनीतिक रणनीतियां अपनाईं, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत है।

डॉ. बिंदल ने दावा किया कि नगर निगम में कांग्रेस नेतृत्व जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका, जिसके चलते पार्षदों और जनता का विश्वास भाजपा के पक्ष में दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम के माध्यम से शहर के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story