सामाजिक सुरक्षा पेंशनर एक माह के भीतर करवाएं ई-केवाईसी सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन (ई-केवाईसी) जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी के माध्यम से जुलाई 2025 में आरम्भ किया गया था।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सत्यापन की अन्तिम तिथि 28 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई थी और कुल 7,84,976 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि ऐसे सामाजिक सुरक्षा पेंशनर जिन्होंने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं किया है वे सम्बधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में एक माह के भीतर अपनी ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करवाएं। इस अंतिम अवसर के उपरांत, पेंशन लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापित नहीं करने की स्थिति में उसे सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।

यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारण से नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है, तो इस बारे में वह संबंधित जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते है।

प्रवक्ता ने बताया कि ई-केवाईसी सत्यापन के लिए आवश्यक जानकारी के दृष्टिगत प्रार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story