अटल टनल में भारी बर्फबारी, पांच हजार पर्यटक सुरक्षित निकाले , सोलंगनाला से आगे आवाजाही पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
अटल टनल में भारी बर्फबारी, पांच हजार पर्यटक सुरक्षित निकाले , सोलंगनाला से आगे आवाजाही पर रोक


अटल टनल में भारी बर्फबारी, पांच हजार पर्यटक सुरक्षित निकाले , सोलंगनाला से आगे आवाजाही पर रोक


शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इस बार अप्रैल का महीना स्नो सीजन जैसा बन गया है। रोहतांग दर्रा और अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ा बर्फबारी ने हालात बदल दिए हैं। शनिवार को अटल टनल के साउथ पोर्टल और आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण करीब एक हज़ार वाहन बर्फ में फंस गए। इनमें लगभग पांच हज़ार पर्यटक सवार थे।

हालांकि राहत की बात यह रही कि पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बर्फबारी के कारण सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई थी। इससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को फिसलन की समस्या का सामना करना पड़ा। राहत एवं बचाव दल ने खराब मौसम के बावजूद मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और वाहनों को नियंत्रित तरीके से मनाली की ओर डायवर्ट किया।

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीमें क्षेत्र में लगातार तैनात हैं और पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम और प्रशासन की एडवाइजरी जरूर देखें।

मौसम की गंभीरता को देखते हुए मनाली पुलिस ने एहतियातन सोलंगनाला से आगे वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे बिना जरूरी कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा न करें और स्थानीय निर्देशों का पालन करें।

इस बीच, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम ने करवट बदली है। शिमला, धर्मशाला और हमीरपुर सहित कई क्षेत्रों में शनिवार को तेज बारिश हुई, जबकि शिमला और मंडी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में कुछ समय के लिए सड़कें ओलों से सफेद नजर आईं, जबकि हमीरपुर में तेज बारिश के कारण नालों में पानी उफान पर आ गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में लाहौल-स्पीति के गोंधला में 13 सेंटीमीटर और केलांग-हंसा में करीब 7.5 सेंटीमीटर ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा सराहन, जोगिंद्रनगर, बिलासपुर, कल्पा, मनाली, स्लैपर और भुंतर सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।

मौसम विभाग ने 5 और 6 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 7 और 8 अप्रैल को भी खराब मौसम का दौर जारी रह सकता है, जबकि 9 अप्रैल को भी कई क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है और 7 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story