फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर को जहरीले सांप ने काटा, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित एक उद्योग में जहरीले सांप के काटने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड उद्योग में पेश आई।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल निवासी गांव भटपुरा जागीर, डाकघर राठौरा, तहसील व जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद फैक्ट्री में काम के दौरान बबलू को जहरीले सांप ने काट लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

सहकर्मियों ने उसे पहले उपचार के लिए हरियाणा के नारायणगढ़ पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे अंबाला रेफर कर दिया। अंबाला में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

बताया गया कि बबलू पिछले करीब 10 वर्षों से फैक्ट्री में कार्यरत था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, आठ वर्ष और दो वर्ष की दो बेटियां तथा एक बेटा छोड़ गया है। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है और परिवार गहरे सदमे में है।

उधर, पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने सांप के काटने से मजदूर की मौत की पुष्टि की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story