शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत उपायुक्त ने किया जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत उपायुक्त ने किया जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारम्भ


शिमला, 10 जून (हि.स.)। शिमला जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप अंडर 11, 13 और 15 (बॉयज एवं गर्ल्स) का आगाज आज इंदिरा गांधी खेल परिसर में किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने की। सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 के तहत 10 जून से लेकर 13 जून तक आयोजित की जा रही इस चैंपियनशिप में पूरे जिला से लगभग 180 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें चैंपियनशिप की रूपरेखा से अवगत करवाया।

उपायुक्त शिमला ने सभी प्रतिभागी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी के जीवन में पढ़ाई के साथ साथ खेल का भी महतवपूर्ण स्थान है। उन्होंने बैडमिंटन एसोसिएशन को बधाई देते हुए कहा कि यह एसोसिएशन हर वर्ष ऐसी गतिविधियां आयोजित कर बच्चों को खेलने के लिए प्रेरित करते हैं जोकि सराहनीय है। उन्होंने बच्चों के माता-पिता को भी बधाई दी जो बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए मेहनत करते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। खेलों में लड़कियों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है।

उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों को नशे से दूर रहते हुए खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए और अपने माता-पिता के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के अथक प्रयास करने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story