सिया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं, के नारों से गूंजा सिया गांव, सैंकड़ों महिलाओं ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सिया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं, के नारों से गूंजा सिया गांव, सैंकड़ों महिलाओं ने किया प्रदर्शन


मंडी, 18 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के गांव नैण की 19 वर्षीय कालेज छात्रा सिया की सरेआम दराट से काट कर की गई निर्मम हत्या को 6 दिन हो गए मगर अभी तक भी इस भीत्सव कत्ल की वजह पुलिस तलाश नहीं कर पाई। आज भी लोगों के मन में इसे लेकर कई सवाल खड़े हैं। इधर, शनिवार को छठे दिन इलाके के महिला मंडल सिया के गांव के साथ लगते कस्बे में प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए व आक्रोश भरा प्रदर्शन किया।

महिलाओं की संस्था महिला एसोसिएशन फॉर सेविंग्स, हेल्थ अवयेरनेस एंड लिटरेसी ,मशाल, महिला मंडल नैण, महिला मंडल बताहल गोपालपुर की महिलाओं ने प्रधान सीमा शर्मा गोपालपुर व स्थानीय विधायक दलीप ठाकुर की अगुवाई में बड़ी तादाद में लोगों ने प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए कि , सिया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं, दुखी व भरभराई आवाज में लोगों ने ,सिया के हत्यारों को फंासी दो फांसी दो व पुलिस प्रशासन को भी हाय थू, हाय थू, आदि के नारे भी लगाए। आक्रोश व रोष यह देखा गया कि शनिवार को 6 दिन बाद भी यह साफ नहीं हो पाया कि इस कत्ल की वजह क्या है।

विधायक दलीप ठाकुर ने कहा कि जब तक सिया को न्याय नहीं मिलता लोगों को आंदोलन जारी रहेगा। इधर, सूत्रों के अनुसार यह बताया गया कि सिया के फोन की सीडीआर जो पुलिस ने अपने कब्जे में ली है की जांच में सिया की सिर्फ अपनी सहेलियों व मां से ही बातचीत होती थी। अन्य किसी तरह के किसी के साथ कोई बात होना सामने नहीं आया है।

इधर, सिया के घर बड़े लोगों व नेताओं का पहुंचना लगातार जारी है। विधायक दलीप सिंह ठाकुर तो लगातार परिवार के साथ ही हैं तथा हर जगह उनका सहयोग कर रहे हैं जबकि कांग्रेस के नेता पवन ठाकुर भी सहयोग कर रहे हैं। सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी परिवार से मिल कर सांत्वना दे आए हैं। भाजपा के कई विधायक भी विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ परिवार से मिल कर सहयोग करने का वादा कर आए हैं।

शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार व गोपालपुर से कई बार विधायक व कई बार सरकार में मंत्री रहे रंगीला राम राव जो बीमारी के चलते पीजीआई आदि में उपचार के लिए गए थे, घर पहुंचते ही इस परिवार से मिलने गए। उनका घर सिया के गांव के कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर है। रंगीला राम राव ने भी परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। सिया की हत्या के छठे दिन उसकी अस्थियांे को परिजनों ने हरिद्वार में हर की पौड़ी के पास गंगा में विसर्जित कर दिया। उसके चाचा नरेंद्र, बहन प्रिया गुलेरिया, व चचेरा भाई दिव्यांश अस्थियां विसर्जित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story