आईआईएम सिरमौर छात्र आत्महत्या मामले में एसआईटी करेगी जांच
नाहन, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय प्रबंधन संस्थान सिरमौर में एक छात्र की संदिग्ध मृत्यु के मामले में जिला पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है। यह मामला पुलिस थाना माजरा में दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 अगस्त को थाना माजरा में अभियोग संख्या 164/2026, धारा 125 व 106(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अनुपम शुक्ला पुत्र स्व. शशि भूषण शुक्ला निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश की शिकायत पर मामला पंजीकृत किया गया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका पुत्र प्रारब्ध शुक्ला आईआईएम सिरमौर का छात्र था, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पिता ने संस्थान प्रशासन पर लापरवाही बरतने, सूचना छिपाने, अपर्याप्त निगरानी करने तथा साथी छात्रों और प्रशासन द्वारा उनके पुत्र को धमकाने व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में SIT से करवाने की मांग की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 सदस्यीय SIT का गठन किया है।
एस आई टी के अध्यक्ष डी एस पी पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर होंगे। इसके अलावा एस एच ओ माजरा एस आई कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी ए एस आई आशीष कुमार,हेड कांस्टेबल इन्द्रजीत, हेड कांस्टेबल रोहित (प्रभारी साइबर सेल नाहन), हेड कांस्टेबल कमाल खान व आरक्षी अशोक कुमार टीम के सदस्य होंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एस आई टी द्वारा मामले की वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गहनता से जांच की जाएगी। शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं के साथ-साथ संस्थान के रवैये की भी जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

