सिरमौर के डॉ. चमन ठाकुर आर्ट ऑफ गिविंग रत्न अवार्ड से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सिरमौर के डॉ. चमन ठाकुर आर्ट ऑफ गिविंग रत्न अवार्ड से सम्मानित


नाहन, 23 अगस्त (हि.स.)।

आर्ट ऑफ गिविंग की तेरहवीं वर्षगाँठ के अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित समारोह में साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला सिरमौर के नाहन निवासी डॉ. चमन सिंह ठाकुर को प्रतिष्ठित “आर्ट ऑफ गिविंग रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया।

डॉ. चमन सिंह ठाकुर को यह सम्मान आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक प्रो. डॉ. अच्युत सामंत (ओडिशा), पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय एवं संस्था के सचिव शेखर बोस द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक महान विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही। डॉ. चमन सिंह ठाकुर साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए अपने लेखन एवं साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके साहित्यिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है। इससे पूर्व भी उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं सामाजिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

डॉ. चमन सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी साहित्य एवं समाज के हित में अपने प्रयास जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story