मतदाता सूची में कोई पात्र न छूटे, एसआईआर पर अधिकारियों को निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 17 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को जिला शिमला, सोलन और सिरमौर के निर्वाचन अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और जिला निर्वाचन कार्यालयों के आईटी स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने की।

कार्यशाला में अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया के तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें उच्च स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी से लेकर सभी जिलों के अधिकारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है और अब इसे जमीनी स्तर तक लागू किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे इस प्रक्रिया को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें ताकि किसी भी तरह की गलती की गुंजाइश न रहे। उन्होंने यह भी बताया कि जिला शिमला में वर्ष 2002 से 2025 तक मतदाता सूचियों का मिलान किया गया, जिसमें 98 प्रतिशत तक सटीकता पाई गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक फॉर्म पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

अनुपम कश्यप ने यह भी कहा कि आने वाले समय में एसआईआर के साथ-साथ जनगणना और पंचायती राज चुनाव भी होने हैं, ऐसे में अधिकारियों को उपलब्ध जनशक्ति का सही उपयोग करना होगा, ताकि किसी भी कार्य में बाधा न आए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. मुरारी लाल ने कहा कि देश के 12 राज्यों में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अब हिमाचल प्रदेश में इसे लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एसआईआर की प्रक्रिया, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही इसमें उपयोग होने वाली आईटी एप्लिकेशन्स, मीडिया और सोशल मीडिया के उपयोग तथा आम लोगों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story