एक नवंबर को शिमला में पदयात्रा में शामिल होंगे असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा : बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
एक नवंबर को शिमला में पदयात्रा में शामिल होंगे असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा : बिंदल


एक नवंबर को शिमला में पदयात्रा में शामिल होंगे असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा : बिंदल


शिमला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्राएं आयोजित करेगी। इन पदयात्राओं के माध्यम से मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर देश में नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अवैध घुसपैठियों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करवाना चाहती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। साथ ही किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की संवैधानिक भूमिका का सम्मान करने और मतदाता सूचियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

चार संसदीय क्षेत्रों में होंगी पदयात्राएं

डॉ. बिंदल ने बताया कि 1 नवंबर को शिमला में आयोजित होने वाली पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की पदयात्रा धर्मशाला में आयोजित होगी। इसमें सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, विधायक सुधीर शर्मा और विधायक पवन काजल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।

इसी तरह 4 नवंबर को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की पदयात्रा हमीरपुर में निकाली जाएगी। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर और विधायक रणधीर शर्मा सहित अन्य नेता शामिल होंगे।

वहीं, 4 नवंबर को मंडी संसदीय क्षेत्र की पदयात्रा मंडी में आयोजित की जाएगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और विधायक अनिल शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि चारों संसदीय क्षेत्रों में होने वाली पदयात्राओं में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का संदेश जनता तक पहुंचाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767930 Articles

Share this story