एसआईआर के मुद्दे पर आज शिमला में भाजपा की महापदयात्रा, हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे शिरकत

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 01 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर कांग्रेस को जवाब देने के लिए भाजपा आज शिमला में महापदयात्रा और जनसभा आयोजित कर रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता होंगे। भाजपा का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों और राजनीतिक रणनीति का जवाब दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि महापदयात्रा सुबह 10 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग से शुरू होगी। हजारों कार्यकर्ता विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान पहुंचेंगे। यहां पदयात्रा का समापन विशाल जनसभा के रूप में होगा। पार्टी ने इस कार्यक्रम में 8 से 10 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई है।

जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रदेशभर से विधायक, पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं के भी पहुंचने की संभावना है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता के पक्ष में है। पार्टी जनसभा के माध्यम से एसआईआर से जुड़े तथ्यों को जनता के सामने रखेगी और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी।

उन्होंने कांग्रेस के दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों और रैलियों पर भी सवाल उठाए। साथ ही कांग्रेस के कुछ राजनीतिक अभियानों के पीछे विदेशी प्रभाव और वित्तपोषण को लेकर गंभीर सवाल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में ठोस प्रमाण संबंधित संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किए जाने चाहिए।

भाजपा ने कार्यक्रम के लिए संगठनात्मक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को देखते हुए अनुशासन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770305 Articles

Share this story