सुक्खू सरकार के तीन साल घोटालों के नाम रहे : सिकंदर कुमार

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार के तीन साल घोटालों के नाम रहे : सिकंदर कुमार


शिमला, 02 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद व प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल का कार्यकाल विकास की जगह घोटालों और अनियमितताओं के आरोपों के कारण चर्चा में रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के लगभग हर विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। उनका कहना था कि आने वाले समय में ऐसे कई मामलों की सच्चाई जनता के सामने आएगी और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

गुरुवार को शिमला में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला शिमला की ओर से विश्व शांति और देवभूमि हिमाचल की रक्षा के उद्देश्य से गंज बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में महारुद्र हवन और सहभोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश ने कई बड़ी प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया है। उन्होंने मंडी, कुल्लू-मनाली और चंबा समेत कई क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आपदाओं से लोगों को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि महारुद्र हवन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की गई है कि भविष्य में हिमाचल प्रदेश और देश को ऐसी आपदाओं से सुरक्षित रखें और सभी लोगों पर अपनी कृपा बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि जब प्रदेश आपदा की स्थिति से गुजर रहा था, उस समय भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में जुटे रहे। उनके अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर प्रदेश सरकार की भूमिका लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रही।

मुख्यमंत्री की ओर से केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा सांसद और दो राज्यसभा सांसद संसद में लगातार प्रदेश के मुद्दे उठा रहे हैं और केंद्र सरकार से सहयोग दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार वित्तीय और प्रशासनिक मामलों का सही प्रबंधन नहीं कर पा रही है तो उसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार पर नहीं डाली जा सकती।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में विकास कार्यों से अधिक घोटालों और अनियमितताओं की चर्चा रही है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में सरकारी खरीद प्रक्रियाओं और अन्य सरकारी कार्यों से जुड़े कई मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में ऐसे और मामले सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दों पर काम करती रहेगी और कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story