संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे सांसद सिकंदर कुमार

WhatsApp Channel Join Now
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे सांसद सिकंदर कुमार


शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र में भाग लेने के लिए भारत के सांसदों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल न्यूयॉर्क पहुंचेगा। राज्यसभा की ओर से हिमाचल प्रदेश से सांसद प्रोफेसर (डॉ.) सिकंदर कुमार इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह दौरा 5 से 9 अक्तूबर तक संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय न्यूयॉर्क में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बैठकों, द्विपक्षीय वार्ताओं और नीतिगत चर्चाओं में हिस्सा लेगा।

प्रतिनिधिमंडल 5 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत करेगा। इसके बाद भारत के स्थायी मिशन की ओर से संयुक्त राष्ट्र में भारत की भूमिका को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी), यूनिसेफ और संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद रोधी कार्यालय (यूएनओसीटी) के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भी हिस्सा लेगा।

दौरे के दौरान विभिन्न देशों के स्थायी प्रतिनिधियों और वैश्विक कूटनीतिज्ञों के साथ द्विपक्षीय संवाद भी होंगे। इनमें फ्रांस और रवांडा के स्थायी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शामिल है। 7 अक्तूबर को इंटरनेशनल कॉटन डे के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। इस सत्र का विषय ‘कपास स्थिरता: आजीविका, मूल्य संवर्धन और साझेदारी’ है। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों, सहयोग और इसे आगे बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी संवाद होगा।

8 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में भारतीय सांसद प्रमुखता से भाग लेंगे। समारोह के दौरान हिंदी के विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों पर भी बातचीत होगी। प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों पर भी विमर्श किया जाएगा।

9 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रौद्योगिकी दूत (टेक एनवॉय) अमनदीप गिल के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के वैश्विक प्रभाव पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी। इस दौरान तकनीक से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल प्रवासी भारतीयों और विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ भी संवाद करेगा। यात्रा के दौरान भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों तथा उच्चायोग की ओर से आयोजित विशेष स्वागत समारोहों में भी भारतीय सांसद भाग लेंगे।

राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार का इस संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल को संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संस्थानों, राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story