राजगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिरस में डूबा सनातन धर्म मंदिर

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 29 अगस्त (हि.स.)। सनातन धर्म मंदिर राजगढ़ में शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण किया।

सनातन धर्म मंदिर राजगढ़ में आयोजित यह 16वां भक्तिज्ञान यज्ञ है। कथा का प्रवचन सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य कमलकांत शर्मा महाराज कर रहे हैं। आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करेंगे। यह धार्मिक आयोजन 29 अगस्त से 5 सितंबर तक चलेगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सूद और कोषाध्यक्ष सचिन सूरी ने बताया कि इस वर्ष दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कथा के समय में बदलाव किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने का आग्रह किया।

कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का माहौल कृष्णमय होगा।

मंदिर समिति के अनुसार आगामी दिनों में राजगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रीमद्भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story