शिमला फुटबॉल प्रीमियर लीग 24 से, युवाओं को खेलों से जोड़ने का अभियान

WhatsApp Channel Join Now
शिमला फुटबॉल प्रीमियर लीग 24 से, युवाओं को खेलों से जोड़ने का अभियान


शिमला, 23 मई (हि.स.)। शिमला शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से शिमला फुटबॉल प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 24 से 27 मई तक समर हिल ग्राउंड में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन समर हिल फुटबॉल क्लब और श्यामला एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ नीतिन व्यास ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें नशे और अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रखते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शिमला की 14 टीमें भाग लेंगी, जिनमें समरहिल यूनाइटेड एफसी, संजौली एफसी, शिमला एफसी अंडर-19, शिमला एफसी अंडर-17, खलीनी एफसी, भट्टाकुफर एफसी, एचपीयू और अन्य टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लड़कियों की दो टीमें भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जिसे महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

डॉ. व्यास ने कहा कि शिमला में फुटबॉल के प्रति युवाओं में काफी उत्साह है, लेकिन प्रतिभाओं को उचित मंच और सुविधाओं की आवश्यकता है। इस लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताएं मिलें तो शिमला के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने नगर निगम से शहर के प्रत्येक वार्ड में खेल मैदान विकसित करने और प्रशिक्षित कोच नियुक्त करने की मांग भी की। उनका कहना था कि आज बच्चों का अधिक समय मोबाइल और सोशल मीडिया पर व्यतीत हो रहा है, जबकि खेल उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। साथ ही सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, गोलकीपर और डिफेंडर को भी सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story