मंडी में शिकारी देवी मंदिर के पास कार हादसे में दो की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में शिकारी देवी मंदिर के पास कार हादसे में दो की मौत, दो घायल


मंडी, 14 मई (हि.स.)। जिला मंडी में साढ़े 11 हजार फीट की ऊंचाई पर सराज व नाचन घाटी की सीमाओं पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता शिकारी देवी मंदिर के पास बुधवार बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रात एक बजे के लगभग यहां पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आधी रात को लगभग 1 बजे शिकारी देवी मंदिर के प्रवेश द्वार से लगभग 20 मीटर दूरी पर एक आल्टो कार नंबर एचपी 87-2981 बेकाबू होकर लगभग 700 मीटर गहरी ढांक में गिर गई। रात होने व सुनसान के चलते इस हादसे का शायद किसी को पता भी नहीं चलता, अगर एक घायल हिम्मत दिखाकर सड़क पर पहुंचकर मदद नहीं मांगता। एक घायल हिम्मत दिखाकर सड़क तक पहुंचा और यहां टेंट लगाकर रह रहे लोगों को सूचित करके मदद मांगी। देर रात एक बजे जंजैहली पुलिस थाना को इसकी सूचना मिली।

पुलिस टीम ने मौके पर आकर स्थानीय लोगों की मदद से हादसे के शिकार लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र राज और हेत राम के रूप में हुई है जो जिले की सराज घाटी के मुख्यालय थुनाग के ही रहने वाले थे, जबकि घायलों में योगराज और पूर्णचंद हैं, जिनमें एक थुनाग का और एक करसोग के पांगणा का रहने वाला बताया जा रहा है। घायलों का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को अपने कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम करवाया तथा उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story