सिद्ध गणपति मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
मंडी, 22 सितंबर (हि.स.)। एसपीयू की पूर्व प्रो. वीसी प्रो. अनुपमा सिंह ने मंगलवार को प्राचीन सिद्ध गणपति मंदिर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर मंडी सहित पूरे हिमाचल प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिद्ध गणपति बप्पा की कृपा मंडी की पावन धरती और यहां के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे तथा समाज में सद्भाव, सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का विस्तार हो, यही उनकी हार्दिक प्रार्थना है।
प्रो. अनुपमा सिंह ने विशेष रूप से हिमाचल की युवा शक्ति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि युवाओं में ज्ञान, साहस, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि हमारे युवा हिमाचल की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनकी प्रतिभा, परिश्रम तथा नवाचार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी सनातन संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। हमारी युवा पीढ़ी आधुनिक ज्ञान एवं तकनीक को अपनाते हुए अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़े, यही एक सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने सिद्ध गणपति बप्पा से प्रार्थना की कि मंडी से हिमाचल और हिमाचल से राष्ट्र की प्रगति का मार्ग और अधिक मजबूत हो तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुख, स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि प्राप्त हो।
इस अवसर पर अनिल शर्मा, इंदु शर्मा, प्रीति मल्होत्रा, मंदिर समिति के अध्यक्ष डी.एन. सैनी, तारा शर्मा, पुष्पराज शर्मा, नंदन, एम.एल. शर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रो. अनुपमा सिंह ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से समाज को सदैव सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और एकजुटता की प्रेरणा मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

