देश में नरेंद्र मोदी और भाजपा का कोई विकल्प नहीं : शांता कुमार

WhatsApp Channel Join Now
देश में नरेंद्र मोदी और भाजपा का कोई विकल्प नहीं : शांता कुमार


शिमला, 13 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नए भारत का उदय हो रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में मिली जीत ने भाजपा को नई शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान किया है तथा आज पूरे देश में नरेंद्र मोदी और भाजपा का कोई विकल्प नहीं है।

शांता कुमार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि विश्व के 130 देशों के प्रधानमंत्रियों में नरेंद्र मोदी सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज और नगर निगम चुनावों में भाजपा मजबूत स्थिति में आगे बढ़ रही है। पार्टी के नए और पुराने सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं, जिससे भाजपा का संगठन और अधिक मजबूत हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाले साबित होंगे। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि जिस भाजपा के साथ देश का बड़ा वर्ग खड़ा है, उसी भाजपा को हिमाचल प्रदेश में भी मजबूत समर्थन दिया जाए तथा पंचायती राज और नगर निगम चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story