पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने नंद लाल शर्मा के निधन पर जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ एवं ईमानदार प्रशासनिक अधिकारी रहे नंद लाल शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और इससे प्रदेश ने एक अत्यंत योग्य, कर्मठ तथा ईमानदार अधिकारी को खो दिया है।

शांता कुमार ने कहा कि नंद लाल शर्मा ने जिस भी दायित्व का निर्वहन किया, उसे अपनी असाधारण कार्यकुशलता, दूरदृष्टि और समर्पण से नई पहचान दिलाई। विशेष रूप से सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) में उनके नेतृत्व ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन को देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में शामिल कराने का महत्वपूर्ण श्रेय नंद लाल शर्मा को जाता है।

उन्होंने कहा कि नंद लाल शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से विवेकानंद ट्रस्ट की विभिन्न गतिविधियों में उदार सहयोग प्रदान किया। पालमपुर स्थित विश्रांति के निर्माण एवं विकास में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।

शांता कुमार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही उन्होंने एसजेवीएन परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी संवेदना प्रकट करते हुए आशा व्यक्त की कि निगम नंद लाल शर्मा द्वारा स्थापित आदर्शों, कार्य संस्कृति और मूल्यों पर आगे भी चलता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story