7 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व, 2027 में सत्ता परिवर्तन का संकेत : शांता कुमार

WhatsApp Channel Join Now
7 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व, 2027 में सत्ता परिवर्तन का संकेत : शांता कुमार


शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि पंचायत चुनावों के शुरुआती परिणाम हिमाचल प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक आठ जिला परिषदों के परिणाम सामने आए हैं, जिनमें से सात जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेता निर्वाचित हुए हैं। उनके अनुसार ये नतीजे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने का संकेत देते हैं।

शांता कुमार ने मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न होने पर प्रदेश की जनता और सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार पूरे प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी के अधिक संख्या में सदस्य पंचायत राज संस्थाओं में निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से अपने-अपने क्षेत्रों का विकास करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत गढ़ जमूला पंचायत से पंच के रूप में की थी। इसके बाद वे पंचायत समिति, जिला परिषद, विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं और यहीं से जननेताओं का निर्माण होता है।

शांता कुमार ने कहा कि पंचायत राज चुनाव केवल स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं होते, बल्कि वे प्रदेश की राजनीतिक दिशा और जनभावना का भी प्रतिबिंब होते हैं। उनका कहना था कि मौजूदा परिणामों ने यह संकेत दिया है कि प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story