कसोल रेव पार्टी मामले में दोषी अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई : शांता कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कसोल रेव पार्टी मामले में दोषी अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई : शांता कुमार


शिमला, 04 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कसोल रेव पार्टी प्रकरण में कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का बढ़ता प्रकोप युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।

शनिवार को जारी एक बयान में शांता कुमार ने कुल्लू के रेव पार्टी मामले में हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय ने सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर प्रभावी ढंग से आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने मामले में सरकारी अधिकारियों की कथित अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कुल्लू के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम के तबादले के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा डीआईजी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने तथा एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

शांता कुमार ने आरोप लगाया कि पार्वती घाटी में आयोजित रेव पार्टी के दौरान नशे का खुलेआम इस्तेमाल हुआ, जबकि संबंधित अधिकारियों ने अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया। उन्होंने कहा कि रेव पार्टी के टिकट खुलेआम बिकते रहे और नशे के अत्यधिक सेवन के कारण एक विदेशी नागरिक की मृत्यु भी हुई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का दायरा लगातार बढ़ रहा है और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुल्लू की इस घटना में सरकार न्यायालय के निर्देशों के बावजूद संबंधित अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

शांता कुमार ने कहा कि सरकार को इस मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिले और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story