शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा, मुख्यमंत्री ने की घोषणा


धर्मशाला, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिला स्तरीय दशहरा महोत्सव शाहपुर के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों में सोमवार को चिट्टे जैसी घातक नशे की समस्या के विरुद्ध जन जागरूकता बढ़ाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा जागरूकता रैली निकाली गई। सोमवार को निकाली गई यह रैली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुवा से दशहरा ग्राउंड शाहपुर तक लगभग 4 किलोमीटर तक निकली। उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने रैली का नेतृत्व किया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो काॅनफेरेन्स के माध्यम से बच्चों के साथ जुड़ कर उन्हे स्वयं भी चिट्टे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर को राज्य स्तरीय दर्जे की घोषणा की।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि चिट्टा युवाओं के भविष्य और समाज की खुशहाली के लिए गंभीर चुनौती है। इसके उन्मूलन के लिए सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और आम नागरिकों को मिलकर आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां सील की जा चुकी हैं। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इसमें संलिप्त लोगों को कड़ा संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रैली में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुवा, आईटीआई शाहपुर, महाविद्यालय शाहपुर, आस पास के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

रैली में एडवोकेट जनरल हिमाचल प्रदेश अनूप रत्न, एसडीएम डाॅ. गणेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिक्षण संस्थाओं के अध्यापक शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763454 Articles

Share this story